Katihar News:- राजद नेता तेजस्वी यादव ने गुरुवार शाम प्राणपुर विधानसभा क्षेत्र के रोशना बाजार मैदान में आयोजित चुनावी जनसभा में कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बनी तो बिहार से बेरोजगारी खत्म की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि जिन परिवारों में किसी की नौकरी नहीं है, उन परिवारों के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी।
तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली और घरों में 200 यूनिट तक निशुल्क बिजली दी जाएगी। साथ ही दही-चूड़ा के दिन महिलाओं के खातों में 30 हजार रुपये भेजे जाएंगे। उन्होंने बताया कि पहले भी 17 माह में 5 लाख शिक्षकों को नौकरी दी गई तथा 4.50 लाख नियोजित शिक्षकों को राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया गया।
प्राणपुर में राजद प्रत्याशी इशरत परवीन के समर्थन में वोट मांगते हुए तेजस्वी ने जनता से आशीर्वाद की अपील की। जनता की स्वीकृति मिलने पर उन्हें माला पहनाई गई। अपने अंदाज में उन्होंने कहा, “हमरे पीछे 30 हेलीकॉप्टर छोड़े हुए हैं, लेकिन हम एक हेलीकॉप्टर से तीसों को पछाड़ दे रहे हैं।” उन्होंने लोगों से अपील की कि खुशहाली के लिए डबल इंजन की सरकार बदलनी होगी।

