Latehar News:- लातेहार जिला परिषद कार्यालय में पदस्थापित प्रधान सहायक संतोष सिंह को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की पलामू टीम ने 65 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई गुरुवार को उनके आवास पर की गई।
सूत्रों के अनुसार, लातेहार में जिला परिषद के माध्यम से एक पुल निर्माण का कार्य कराया गया था। निर्माण पूरा होने के बाद संवेदक कई दिनों से भुगतान के लिए विभाग का चक्कर काट रहा था, लेकिन प्रधान सहायक संतोष सिंह बार-बार उससे पैसे की मांग कर रहे थे। परेशान होकर संवेदक ने मामले की शिकायत पलामू एसीबी कार्यालय में दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने प्रारंभिक जांच की और आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई। योजना के तहत संवेदक को 65 हजार रुपये रिश्वत देने का निर्देश दिया गया। गुरुवार को संवेदक तय राशि लेकर संतोष सिंह के घर पहुंचा। जैसे ही प्रधान सहायक ने पैसे स्वीकार किए, बाहर मौजूद एसीबी टीम ने घर में प्रवेश कर संतोष सिंह को रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया।
इसके बाद एसीबी अधिकारियों ने मौके पर पैसे का सत्यापन (मिलान) कराया और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की। संतोष सिंह को हिरासत में लेकर एसीबी टीम अपने साथ पलामू ले गई जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
इस कार्रवाई के बाद जिला परिषद कार्यालय तथा आसपास के सरकारी महकमों में हड़कंप मचा हुआ है। एसीबी का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी सरकारी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसी कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

