Koderma News:- कोडरमा जिले में फूड पॉइजनिंग का एक गंभीर मामला सामने आया है। डोमचांच प्रखंड के बेहराडीह गांव में एक ही परिवार के पांच लोग बीमार पड़ गए। बताया जा रहा है कि सभी ने सोमवार रात को चावल और लिट्टी का सेवन किया था, जिसके कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।
पीड़ित परिवार की सदस्य 18 वर्षीय रीना कुमारी ने जानकारी देते हुए बताया कि खाना खाने के बाद मां और बच्चों को उल्टी-दस्त होने लगे। पहले परिवार वालों ने घरेलू इलाज करने की कोशिश की, लेकिन जब स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ तो सभी को स्थानीय डॉक्टर के पास ले जाया गया। स्थानीय चिकित्सक द्वारा दवा दिए जाने के बावजूद हालत में सुधार न होने पर परिजनों ने तुरंत सभी को कोडरमा सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद पुष्टि की कि सभी मरीज फूड पॉइजनिंग के शिकार हुए हैं। फिलहाल सभी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों का कहना है कि दूषित भोजन या अस्वच्छ तरीके से तैयार किया गया खाना इसका कारण हो सकता है।
बीमार पड़े परिजनों की पहचान कंचन देवी (40), उनकी बेटियां स्वीटी कुमारी (13), रोशनी कुमारी (16), रीना कुमारी (18) और पुत्र अस्मित राजवंश (9) के रूप में हुई है। अस्पताल प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि सभी मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग स्वच्छ भोजन एवं पीने के पानी को लेकर सतर्क हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने भी मामले की जानकारी ली है और आवश्यक जांच करने की बात कही है।
