Koderma News:- जिले के जयनगर प्रखंड के परसाबाद क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। पहले खेतों और घरों को नुकसान पहुंचाने के बाद अब जंगली हाथियों ने रेलवे संपत्ति को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार रात धनबाद–गया रेलखंड स्थित परसाबाद रेलवे क्रॉसिंग पर हाथियों के एक बड़े झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने रेलवे फाटक के लोहे के गेट को तोड़ दिया, जिससे रेल परिचालन बाधित होने की आशंका पैदा हो गई। हालांकि समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
यह रेलवे क्रॉसिंग ग्रामीण सड़क से जुड़ी हुई है, और घटना देर रात की होने के कारण यातायात पर अधिक असर नहीं पड़ा। हजारीबाग रोड रेलवे स्टेशन के आरपीएफ प्रभारी विश्वनाथ कुमार ने बताया कि उन्हें गडगी रेलवे क्रॉसिंग के दक्षिणी छोर पर लोहे की बैरिकेडिंग टूटने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और तुरंत लोहे की जंजीरों से क्रॉसिंग को घेरकर सुरक्षित किया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं रेलवे सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।
वन विभाग ने जानकारी दी कि 22 अक्टूबर की रात जयनगर के परसाबाद इलाके में करीब 40 हाथियों का झुंड देखा गया था, जिसे वनकर्मियों ने काफी प्रयास के बाद जंगल की ओर खदेड़ा था। लेकिन अब वही झुंड फिर से इस क्षेत्र में लौट आया है।
स्थानीय ग्रामीणों में इस घटना के बाद भय का माहौल व्याप्त हो गया है। लोगों का कहना है कि हाथियों के कारण रात में घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। बताया जा रहा है कि इस वर्ष अब तक हाथियों के हमले में छह लोगों की मौत हो चुकी है। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा और स्थायी समाधान की मांग की है।

