Jamshedpur News:- पूर्वी सिंहभूम जिले के सोनारी थाना क्षेत्र के निर्मल नगर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना घटते-घटते टल गई। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की 13 वर्षीय छात्रा ने अचानक डोबो पुल से स्वर्णरेखा नदी में छलांग लगा दी। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद मछुआरों की तत्परता और बहादुरी से छात्रा की जान बच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, छात्रा छठ पूजा की छुट्टियों के बाद अपनी मां के साथ विद्यालय हॉस्टल लौट रही थी। रास्ते में मां किसी काम से थोड़ी देर के लिए रुकीं, तभी छात्रा अचानक पुल की ओर दौड़ी और बिना कुछ कहे नदी में कूद गई। घटना देखते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
नदी किनारे मौजूद कुछ मछुआरों ने बिना देर किए नदी में छलांग लगाई और छात्रा को डूबने से बाहर निकाल लिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना सोनारी पुलिस को दी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और छात्रा को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में छात्रा मानसिक रूप से तनावग्रस्त लग रही थी और वह हॉस्टल लौटना नहीं चाहती थी। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि आखिर छात्रा हॉस्टल जाने से क्यों घबरा रही थी। पुलिस ने विद्यालय प्रबंधन और सहपाठियों से भी पूछताछ शुरू कर दी है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हॉस्टल में उसके साथ किसी तरह का उत्पीड़न या तनावपूर्ण स्थिति तो नहीं थी।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी सवाल उठाया है कि आखिर छात्रा को ऐसी नौबत क्यों आई कि उसे अपनी जान देने का प्रयास करना पड़ा। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहराई से जांच की जाएगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

