Ranchi News:- झारखंड की राजधानी रांची में छठ महापर्व को लेकर दो दिनों—27 और 28 अक्टूबर—के लिए ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने छठ व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही सीमित कर दी है और कुछ इलाकों को केवल पैदल व्रतियों के लिए आरक्षित किया गया है।
कांके रोड में राम मंदिर से चांदनी चौक तक एक लेन को छठ व्रतियों के लिए फ्री रखा गया है। इस हिस्से को रस्सी से दो भागों में बांटा गया है ताकि श्रद्धालु सुरक्षित रूप से घाट तक जा सकें। वहीं, चडरी रोड पर वाहनों की एंट्री पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि बड़ा तालाब समेत शहर के सभी प्रमुख छठ घाटों तक पहुंचने वाले व्रतियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। एप्रोच रोड पर वाहनों की इंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी और श्रद्धालु पैदल ही घाटों तक जा सकेंगे।
निजी वाहनों की सीमा:
-
मेन रोड से आने वाले वाहन शहीद चौक तक ही जा सकेंगे।
-
कचहरी, करमटोली और जेल मोड़ मार्ग पर भी आवाजाही सीमित रहेगी।
-
रातू रोड से आने वाले वाहन राम मंदिर चौक तक जा सकेंगे।
-
कांके और बोड़ेया से आने वाले वाहन चांदनी चौक तक ही पहुंच पाएंगे।
मालवाहक वाहनों की नो-एंट्री:
सोमवार को सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक और मंगलवार को सुबह 2 बजे से 10 बजे तक शहर में मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। इन वाहनों को रिंग रोड से डायवर्ट किया जाएगा।
वाहन पार्किंग व्यवस्था:
शहर के प्रमुख मार्गों जैसे रणधीर वर्मा चौक, एसएसपी आवास चौक, राम मंदिर चौक, शालीमार बाजार, शहीद मैदान, सर्जना चौक, चुटिया और किशोरगंज चौक के आसपास विशेष पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।
छठ पर्व को शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से मनाने के लिए रांची ट्रैफिक पुलिस ने सख्त निगरानी की व्यवस्था की है।

