Jamshedpur News:- सोनारी थाना क्षेत्र के गोला बस्ती में सोमवार की देर रात एक स्क्रैप टाल में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। आसपास के लोगों ने जब धुआं और लपटें देखीं तो तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर दमकल विभाग की छह गाड़ियां पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि आग पटाखे की चिंगारी से लगी होगी। बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के घरों तक इसकी लपटें पहुंच गईं। हालांकि, फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग को फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। इस हादसे में लगभग पांच लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई।
स्क्रैप टाल के मालिक सुरेंद्र गुप्ता ने बताया कि वह रात करीब डेढ़ बजे पूजा कर घर लौटे ही थे कि कुछ देर बाद स्थानीय लोगों ने फोन कर टाल में आग लगने की सूचना दी। जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक टाल पूरी तरह आग की चपेट में आ चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही पश्चिम विधानसभा के विधायक सरयू राय और उनके प्रतिनिधि नीरज सिंह मौके पर पहुंचे। नीरज सिंह ने बताया कि स्थानीय कार्यकर्ताओं से सूचना मिलते ही विधायक को सूचित किया गया और उनकी पहल पर तुरंत दमकल की गाड़ियां भेजी गईं। विधायक सरयू राय ने मंगलवार सुबह स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया, टाल संचालक से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि दमकल विभाग समय पर नहीं पहुंचता, तो आग पास की घनी बस्ती में फैल सकती थी, जिससे जनहानि की संभावना भी बढ़ जाती।

