Dhanbad News:- धनबाद थाना क्षेत्र के रांगा टांड़ स्थित रेलवे कॉलोनी में शनिवार देर रात एक भयावह घटना घटी। नेताजी क्लब के पास रहने वाले एक परिवार ने इलाके में हो रहे शराब सेवन और उपद्रव को रोकने की कोशिश की, लेकिन यह कोशिश उन्हें भारी पड़ गई। छह से अधिक की संख्या में पहुंचे उपद्रवियों ने परिवार के सदस्यों के साथ जमकर गाली-गलौज और मारपीट की। इतना ही नहीं, उन्होंने दहशत फैलाने के इरादे से चार राउंड फायरिंग भी की।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग भयभीत हो गए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने तत्क्षण इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किया है। वहीं, पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर पुलिस ने अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने बताया कि घटना में शामिल आरोपितों की पहचान की जा रही है। पुलिस की विशेष टीमों द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है और बहुत जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नेताजी क्लब के आसपास देर रात अक्सर कुछ युवक शराब पीकर हंगामा करते हैं। कई बार मना करने के बावजूद वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आते। शनिवार की रात जब परिवार ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने हमला बोल दिया।
इस घटना से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और वे पुलिस से क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने लोगों को आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और इलाके में शांति बहाल की जाएगी।

