Dhanbad News:- दीपावली से ठीक पहले धनबाद में उत्पाद विभाग की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। तेतुलमारी थाना क्षेत्र के तीलाटांड इलाके में चल रही अवैध मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में नकली शराब, कच्चा स्प्रिट और शराब बनाने की सामग्री बरामद की गई है।
उत्पाद विभाग के निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि तीलाटांड और सोनारडीह इलाके में अवैध शराब निर्माण का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने दोनों जगहों पर एक साथ छापामारी की।
तेतुलमारी के तीलाटांड में दिनेश टुडू के घर पर चल रही मिनी फैक्ट्री से लगभग 800 लीटर कच्चा स्प्रिट, पंचिंग मशीन, नकली रैपर, खाली बोतलें, ढक्कन, टंकियां और अन्य निर्माण सामग्री बरामद की गई। वहीं, सोनारडीह में सुरज महतो के आवास से करीब 50 पेटी नकली शराब जब्त की गई।
जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में रॉयल स्टैग, ब्लेंडर्स प्राइड, सिग्नेचर और मैकडॉनल्ड जैसे मशहूर ब्रांड की नकली शराब तैयार की जा रही थी। इन नकली ब्रांडों की बोतलों को असली की तरह दिखाने के लिए पैकिंग और लेबलिंग की आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा था।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह शराब धनबाद शहर और आसपास के इलाकों में दीपावली और छठ पर्व के दौरान खपाने की योजना थी। जब्त की गई नकली शराब और अन्य सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
विभाग ने कहा कि त्योहारों के मौसम में नकली शराब माफियाओं के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, जबकि विभाग ने ऐसी और फैक्ट्रियों के खिलाफ भी छापेमारी तेज करने का संकेत दिया है।

