Saraikela News:- सरायकेला जिले की पुलिस को अवैध शराब कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सरायकेला थाना क्षेत्र के हाथीमारा गांव में छापेमारी कर करीब 14 लाख रुपये मूल्य की नकली अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है, जिन्हें पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने गुरुवार को बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि हाथीमारा गांव में बड़े पैमाने पर नकली अंग्रेजी शराब का कारोबार किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की और मौके से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की।
पुलिस ने कुल 248 पेटी यानी लगभग 2019 लीटर नकली अंग्रेजी शराब बरामद की। इनमें विभिन्न ब्रांडों की बोतलें शामिल थीं, जिन पर नकली स्टीकर और लेबल लगाए गए थे। इसके साथ ही पुलिस ने शराब पैकिंग में उपयोग होने वाले स्टीकर, सीलिंग मशीन और अन्य उपकरण भी जब्त किए हैं।
मौके से गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान दीपक नामित और लुगनी हेंब्रम के रूप में हुई है। दोनों खरसावां थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। पूछताछ के दौरान दोनों ने पुलिस के सामने अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के नामों का खुलासा किया है। पुलिस अब गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
एसपी ने बताया कि नकली शराब का यह कारोबार जिले में काफी समय से सक्रिय था, जिसे अब पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान तेज किया गया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि अवैध शराब व्यापार से जुड़े हर व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

