Palamu News:- झारखंड के पलामू जिले में अपराधियों की गोलीबारी की एक बड़ी घटना सामने आई है। छतरपुर थाना क्षेत्र के नौडीहा गांव में बुधवार की रात अज्ञात हमलावरों ने पारा शिक्षक जमालुद्दीन अंसारी को गोली मार दी। गोली लगने से वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल और फिर एमएमसीएच डालीगढ़ भेजा गया, जहां से हालत नाजुक देख रांची रेफर कर दिया गया। परिजनों ने गुरुवार को उन्हें रिम्स की बजाय मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया है।
परिजनों के अनुसार, फायरिंग के दौरान गोली के छर्रे जमालुद्दीन के फेफड़ों (लंग्स) में जा फंसे हैं। डॉक्टरों ने ऑपरेशन की तैयारी शुरू कर दी थी, लेकिन सुबह तक सर्जरी नहीं हो पाई थी। घटना के पीछे पुराना जमीन विवाद बताया जा रहा है। पुलिस को दिए बयान में जमालुद्दीन ने जिक्र किया है कि गांव के ही एक व्यक्ति से जमीन खरीद-बिक्री को लेकर उनका विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में उन पर हमला किया गया हो सकता है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना की सटीक वजह की पड़ताल की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शी के रूप में जमालुद्दीन की बेटी ने बताया कि जब उसके पिता दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी पक्के मकान के पास छिपे दो अपराधियों ने उन पर अचानक फायरिंग कर दी। उसने हमलावरों को भागते हुए देखा, लेकिन पहचान नहीं कर सकी। गोली उनके दाहिने हाथ और पेट में लगी थी।
स्थानीय लोगों ने घायल शिक्षक को अस्पताल पहुंचाया। इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

