Ranchi News:- झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 15 अपराधियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 22 चोरी की मोटरसाइकिलें और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद बाइकों की कुल कीमत लगभग 36 लाख रुपये बताई जा रही है।
रांची के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देशन में की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नामकुम थाना क्षेत्र के रांची–टाटा मुख्य मार्ग पर बंद पड़े टी प्वाइंट होटल के पास बाइक चोर गिरोह के सदस्य चोरी की बाइकों की खरीद-बिक्री करने के लिए जमा हुए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही कई आरोपी बाइक लेकर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर तीन बाइक पर सवार छह अपराधियों को मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ के आधार पर आगे की छापेमारी में पुलिस ने गिरोह के बाकी सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रूपेश कुमार सिंह उर्फ सोनू, प्रेम कुमार सईस, विनोद कुमार महतो, रोनित कुमार, आयुष महतो, करण महतो, बादल सिंह मुंडा, कमलेश कुमार महतो, क्लींटन कच्छप, रोहित सईस, जयदेव महतो, करण गोस्वामी, विनोद महतो, मनोज उरांव और सत्यम महतो के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह गिरोह रांची और आसपास के जिलों से मोटरसाइकिल चोरी कर कम दाम पर बेच देता था। कई आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान और बाइक चोरी के नेटवर्क को खत्म करने में जुटी है।

