Dhanbad News:- धनबाद जिले के झरिया स्थित सुदामडीह थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात लोहा चोरी के प्रयास के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, तीन युवक सेल (SAIL) के पुराने रोपवे से लोहा काटने की कोशिश कर रहे थे, इसी दौरान हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह घटना आउटसोर्सिंग पत्थर डंपिंग के पास स्थित पुराने रोपवे इलाके में हुई। बताया जाता है कि तीनों युवक रात के अंधेरे में चोरी-छिपे रोपवे से लोहे के तार और पार्ट्स काट रहे थे। तभी ऊंचाई से गिरने और तार की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घायल दो युवकों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक और दोनों घायल झरिया के बनियाहीर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही मंगलवार सुबह सुदामडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में लंबे समय से लोहा चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। कई बार स्थानीय लोगों ने इस बात की सूचना पुलिस को दी, लेकिन कार्रवाई न होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। अब इस हादसे के बाद इलाके में दहशत और नाराजगी दोनों का माहौल है।
पुलिस ने कहा है कि हादसे की पूरी जांच की जा रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

