Garhwa News:- गढ़वा जिले के केतार प्रखंड में खाद आपूर्ति विभाग के गोदाम से करोड़ों रुपये मूल्य का राशन गायब होने से हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, गोदाम से 923.22 क्विंटल गेहूं और 8079 क्विंटल चावल गायब पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह अनाज लगभग 3 करोड़ रुपये मूल्य का बताया जा रहा है। जांच जिला प्रबंधक और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी की संयुक्त टीम द्वारा की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, यह राशन गरीब और जरूरतमंद लोगों के बीच वितरण के लिए था, लेकिन वितरण से पहले ही गोदाम से बड़ी मात्रा में स्टॉक गायब पाया गया। प्राथमिक जांच में कई अनियमितताएं सामने आई हैं, जिससे विभागीय अधिकारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि केतार राशन गोदाम से अन्य प्रखंडों में भेजा जाता था, और यह गड़बड़ी लंबे समय से विभागीय मिलीभगत से चल रही थी। लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
डीएसओ ने मामले की रिपोर्ट जिला कलेक्टर को सौंप दी है। प्रशासन ने कहा है कि दोषियों पर शीघ्र और सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभागीय जांच के तहत सभी स्टॉक रिकॉर्ड, गोदाम रिपोर्ट और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही की समीक्षा की जा रही है।
घटना ने ग्रामीण और जरूरतमंद परिवारों में चिंता पैदा कर दी है, क्योंकि गायब राशन सीधे उनके हित में था। प्रशासन ने लोगों को आश्वस्त किया है कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी और दोषियों को कानून के तहत सजा दी जाएगी।

