Jamshedpur News:- कदमा थाना क्षेत्र में पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए दो शातिर अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर संभावित बड़ी वारदात को विफल कर दिया। दोनों आरोपित आपस में चाचा-भतीजा हैं और इलाके में दबदबा बनाने के लिए हथियार के बल पर लोगों को डराने-धमकाने का काम करते थे।
सिटी एसपी कुमार शिवा आशीष ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-4, खरकई नदी किनारे दो व्यक्ति हथियार लेकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर थाना प्रभारी प्रवेशचंद्र सिन्हा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल गठित किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दोनों संदिग्धों को मौके से पकड़ लिया। तलाशी में एक के पास से देशी कट्टा और दूसरे के पास से 8 एमएम की जिंदा गोली बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रविनाथ मछुआ (40) और आशीष मछुआ (19), दोनों निवासी शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-5, जयप्रकाश नगर, थाना कदमा के रूप में हुई।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपित रविनाथ मछुआ पहले भी अवैध शराब कारोबार में जेल जा चुका है और उसके खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी प्रवेशचंद्र सिन्हा, अवर निरीक्षक पिंकू कुमार, मंटू कुमार, जे. दीपक कुमार महतो, सहायक अवर निरीक्षक ललन कुमार दास, आरक्षी राहुल कुमार तिवारी और गृहचालक अजीत कुमार शामिल थे।

