Palamu News:- पलामू जिला प्रशासन ने गुरुवार को हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अस्पतालों को सील कर दिया। यह कार्रवाई उपायुक्त समीरा एस के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी सह असैनिक शल्य चिकित्सक के आदेशानुसार गठित विशेष छापेमारी दल ने की।
छापेमारी दल में डॉ. ज्योतिष कुमार (चिकित्सा पदाधिकारी, हैदरनगर), संतोष कुमार (अंचल अधिकारी सह दंडाधिकारी), थाना प्रभारी अफजल अंसारी और पुलिस बल के जवान शामिल थे। टीम ने सबसे पहले हाई स्कूल हैदरनगर के पास स्थित विंध्याचल हॉस्पिटल में जांच की। अस्पताल के बाहर बोर्ड तो लगा था, लेकिन संचालन से जुड़े जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
जांच के दौरान अलारपुर गांव की एक महिला मरीज अस्पताल में भर्ती पाई गई, जिसने कुछ दिन पहले जुड़वां बच्चों को जन्म दिया था। जांच में चौंकाने वाली बात सामने आई कि अस्पताल में फर्जी चिकित्सक द्वारा सर्जरी की गई थी, जबकि संचालक राजू पासवान के पास किसी प्रकार की चिकित्सकीय डिग्री नहीं थी।
प्रशासन ने तत्काल महिला और नवजात शिशुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें एम्बुलेंस से सदर अस्पताल मेदिनीनगर भेज दिया। इसके बाद विंध्याचल हॉस्पिटल को सील कर दिया गया और अस्पताल परिसर की निगरानी का जिम्मा स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अगले आदेश तक किसी को भी परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इसी क्रम में छापेमारी दल ने मरघटिया रोड स्थित आस्था हॉस्पिटल और खुशबू हॉस्पिटल की भी जांच की। दोनों संस्थानों में गंभीर अनियमितताएं और दस्तावेजों की कमी पाई गई, जिसके बाद इन अस्पतालों को भी तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
प्रशासन ने संकेत दिया है कि जिले में सभी निजी स्वास्थ्य संस्थानों की सघन जांच जारी रहेगी, ताकि फर्जीवाड़े पर पूर्ण रूप से रोक लगाई जा सके।

