Jamshedpur News:- जमशेदपुर के पारडीह चेकपोस्ट पर बुधवार सुबह ट्रैफिक पुलिस और मजदूरों के बीच विवाद के बाद हंगामा मच गया। मामूली जांच को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते सड़क पर प्रदर्शन में बदल गया, जिसके चलते मानगो–पारडीह मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया और यातायात घंटों बाधित रहा।
जानकारी के मुताबिक, चांडिल से बावनगोड़ा की ओर जा रहे मजदूरों से भरे एक पिकअप वाहन को ट्रैफिक पुलिस ने पारडीह चेकपोस्ट पर रोक लिया। पुलिसकर्मियों ने चालक से गाड़ी के कागजात दिखाने को कहा, लेकिन दस्तावेज नहीं मिलने पर कथित रूप से चालक के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की गई। इस घटना से आक्रोशित मजदूर सड़क पर उतर आए और ट्रैफिक पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
मजदूरों का आरोप है कि ट्रैफिक पुलिस आए दिन वाहन जांच के नाम पर मजदूरों और चालकों से अवैध वसूली करती है। उन्होंने बताया कि रोजगार की तलाश में शहर आने वाले मजदूरों को “ओवरलोड” का बहाना बनाकर रोका जाता है और भारी जुर्माना वसूला जाता है। छोटूराम, देवगन सोरेन और सुरीन रानी सहित अन्य मजदूरों ने कहा कि पुलिस की इस कार्रवाई से उनकी रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है और हर दिन घंटों सड़क पर फंसना पड़ता है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि उन्हें लिखित आश्वासन दिया जाए कि भविष्य में इस तरह की कार्रवाई नहीं होगी और उनकी उपस्थिति दर्ज की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक प्रशासन उनके साथ वार्ता नहीं करता, वे सड़क नहीं छोड़ेंगे।
इस बीच, ट्रैफिक पुलिस अधिकारी ने मजदूरों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पुलिस केवल नियमों के अनुसार अपनी ड्यूटी कर रही थी। उन्होंने बताया कि वाहन में कागजात अधूरे पाए गए थे और किसी तरह की मारपीट नहीं की गई।
घटना के बाद इलाके में यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप रही। पुलिस प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद धीरे-धीरे सड़क खाली कराई गई और स्थिति नियंत्रण में आई।

