Dhanbad News:- धनबाद जिले के जोगता थाना क्षेत्र के न्यू साइडिंग एक नंबर कॉलोनी में मंगलवार की देर रात एक ही परिवार के तीन सदस्यों की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को दहला दिया। मृतकों की पहचान राजा अंसारी (26), उसकी पत्नी अमीना खातून (21) और उनकी करीब दो साल की बेटी मायरा के रूप में हुई है। तीनों के शव उनके ही घर से बरामद किए गए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, राजा अंसारी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। वह मंगलवार की शाम कतरास से काम खत्म कर घर लौटा था। उस समय उसके हाथ में सब्जियों की एक झोली थी। बताया जा रहा है कि घर पहुंचने के बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद देर रात तक घर से कोई आवाज न आने पर पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो सभी बेहोश पड़े थे। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही जोगता थाना प्रभारी पवन कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घर की तलाशी ली। पुलिस को घर के अंदर एक बर्तन में पीले रंग का संदिग्ध द्रव्य मिला, जिसे जब्त कर जांच के लिए भेजा गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि तीनों की मौत कैसे हुई — ज़हर खाने से या किसी अन्य कारण से।
तीनों शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) भेज दिया है। घटना के बाद से इलाके में मातम छाया हुआ है। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का खुलासा हो सकेगा।

