Hazaribag News:- झारखंड पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए बिहार और झारखंड में सक्रिय कुख्यात अपराधी मोहम्मद दानिश इकबाल को गिरफ्तार किया है। दानिश पर हत्या, लूट, फिरौती, अपहरण और गोलीकांड जैसे कई गंभीर मामलों में शामिल रहने का आरोप है
हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने सोमवार को बताया कि दानिश को रविवार देर रात नगवा टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से फर्जी पहचान पत्र, मोबाइल और सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पूछताछ में उसने कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं।
दानिश ने बताया कि वह उत्तम यादव और साईको टाइगर गिरोह के साथ मिलकर झारखंड और बिहार के कई जिलों में सक्रिय था। वह गयाजी (बिहार) का रहने वाला है और उस पर पांच से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।
एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि दानिश इकबाल नगवा टोल प्लाजा के आसपास आने वाला है। सूचना के आधार पर लोहसिंघना थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। रविवार रात करीब दो बजे पुलिस दल ने घेराबंदी कर दानिश को दबोच लिया, जब वह भागने की कोशिश कर रहा था।
पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया कि वह फोटो खान, शक्ति गिरी उर्फ साईको टाइगर, और उत्तम यादव के साथ मिलकर रंगदारी, हत्या और बमबारी की घटनाओं को अंजाम देता था। उसने स्वीकार किया कि दिसंबर 2024 में हजारीबाग में उदय साव हत्याकांड और बिहार के आमस में अनवर अली की हत्या इसी गैंग ने की थी।
इसके अलावा, दानिश ने गुरुआ थाना क्षेत्र में भारत माला प्रोजेक्ट कैम्प में मजदूरों पर हमला, और डॉ. तपेश्वर प्रसाद के क्लीनिक पर बम फेंककर जानलेवा हमला करने की बात भी कबूल की है।पुलिस ने बताया कि यह गिरफ्तारी प्रदेश में संगठित अपराध पर बड़ी चोट साबित होगी।

