Latehar News:-;लातेहार जिले के बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र के बघोता टोला में रविवार को जंगली हाथी का एक बच्चा मृत पाया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मृत हाथी के बच्चे के शव को कब्जे में लिया।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय ग्रामीणों ने धान के खेत के पास हाथी के बच्चे को मृत अवस्था में देखा। ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचित किया। इसके बाद डीएफओ प्रवेश अग्रवाल के निर्देश पर फॉरेस्ट अधिकारी विजय शंकर शर्मा के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल पर छानबीन की और वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी।
वन विभाग ने मृत हाथी के बच्चे का पोस्टमार्टम करने के लिए विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की टीम को बुलाया है। फॉरेस्ट अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हाथी के बच्चे की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि शनिवार रात लगभग 10 से 12 जंगली हाथी गांव की ओर आए थे और धान के खेत में प्रवेश कर फसल को नुकसान पहुँचाया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, झुंड में दबने से हाथी के बच्चे की मौत हुई हो सकती है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगली हाथियों के झुंड से दूरी बनाए रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत वन अधिकारियों को सूचित करें।

