Koderma News:- कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के गांधी स्कूल रोड स्थित पटेल नगर में शनिवार रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी छोटेलाल साव उर्फ डेगलाल साव का परिवार दुर्गा पूजा मनाने अपने गांव गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने घर से जेवरात और नकद चोरी कर लिए।
पड़ोसियों ने घटना की सूचना दी। गृहस्वामी की पत्नी कुंती देवी ने बताया कि वे सप्तमी को अपने गांव तेलोडीह (मरकच्चो) गई थीं। रविवार सुबह करीब 8 बजे पड़ोस की एक महिला ने फोन करके मुख्य दरवाजे का ताला टूटा होने की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद कुंती देवी और उनका पति तुरंत झुमरीतिलैया स्थित अपने मकान पर पहुंचे। घर का नजारा देखकर वे दंग रह गए।
घर में प्रवेश करने पर देखा गया कि कमरे में रखा बक्सा खुला हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि बक्से में रखे लगभग 40 हजार रुपए के आभूषण और 20 हजार रुपए नकद चोरी हो चुके थे। इस बात की सूचना उन्होंने तुरंत तिलैया थाना पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर छानबीन और मुआयना शुरू कर दिया।
कोडरमा जिले में बीते दो-तीन महीनों से चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। पुलिस ने कई मामलों का खुलासा किया है, लेकिन चोरी की वारदातें थम नहीं रही हैं। कुछ समय पहले तिलैया थाना क्षेत्र में स्पेशल ब्रांच के एक कंप्यूटर ऑपरेटर के घर से भी लाखों रुपए के जेवरात चोरी हुए थे।
इस नई घटना के बाद स्थानीय लोग सुरक्षा को लेकर भयभीत हैं और पुलिस पर सवाल उठाने लगे हैं। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और घरों में सुरक्षा के इंतजाम मजबूत करने की अपील की है।

