Koderma News:- कोडरमा थाना क्षेत्र के रांची-पटना मुख्य मार्ग पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कोडरमा घाटी स्थित जमसोती नाला के समीप छड़ लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहदीनगर निवासी राकेश महतो (30 वर्ष, पिता बुघन महतो) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, ट्रेलर बोकारो से छड़ लोड कर पटना की ओर जा रहा था। रात करीब 10 बजे तीखे मोड़ पर ट्रेलर का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह सड़क किनारे पलट गया।
हादसा इतना भीषण था कि चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कोडरमा थाना की पीसीआर टीम घटनास्थल पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद चालक को वाहन से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल कोडरमा भेजा, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक चालक के परिजन भी कोडरमा पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोडरमा घाटी का यह इलाका बेहद खतरनाक मोड़ों वाला है, जहां आए दिन भारी वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र में स्पीड लिमिट और चेतावनी संकेतों की सख्त व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। पुलिस ने ट्रेलर को साइड में कराकर सड़क पर यातायात को सामान्य कर दिया है और मामले की जांच जारी है।

