Jamshedpur News:- पूर्वी सिंहभूम जिले के गोविंदपुर थाना और टेल्को घोड़ाबांधा क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े चोरों ने पुलिस गश्ती की नाक के नीचे बड़ी वारदात को अंजाम दिया। मात्र पांच घंटे के भीतर तीन फ्लैटों का ताला तोड़कर करीब 25 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली गई। लगातार तीन बड़ी चोरियों से इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटनाएं आलोक विहार के संगम टावर और पास के पुष्पा अपार्टमेंट में घटीं। दुर्गा पूजा के बाद पुलिस गश्ती व्यवस्था में ढिलाई का फायदा उठाकर चोरों ने दिनदहाड़े तीन-तीन घरों को निशाना बना लिया।
पहली घटना संगम टावर के फ्लैट नंबर 6/5 में हुई, जहां पूर्व सैनिक संजय नंदी के घर से नकद 20 हजार रुपये, सात तोला सोना और हीरे की अंगूठी सहित करीब 10 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए गए। यह वारदात दोपहर 12:45 से शाम 5:45 बजे के बीच की बताई जा रही है।
दूसरी वारदात सुमिता दास के फ्लैट नंबर 3/6 में घटी। वे घर बंद कर अपने परिचित के यहां गई थीं। शाम को लौटने पर उन्होंने टूटा ताला और खाली अलमारी देख दंग रह गईं। उनके घर से करीब 8 लाख रुपये मूल्य के जेवरात गायब थे।
तीसरी चोरी पुष्पा अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 5/सी में हुई। मकान मालिक अजय कुमार दास अपनी बीमार पत्नी के इलाज के लिए अस्पताल गए थे। लौटने पर उन्होंने देखा कि उनके घर से 10 हजार रुपये नकद और एक लाख के जेवरात चोरी हो चुके हैं।
इन तीनों वारदातों से अपार्टमेंट निवासियों में दहशत का माहौल है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा गार्ड की मौजूदगी के बावजूद चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहारों के बाद पुलिस की लापरवाही से चोरों के हौसले बुलंद हैं। वहीं, पुलिस ने पीड़ितों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक किसी भी संदिग्ध का सुराग नहीं मिल पाया है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही अपराधियों को पकड़ा जाएगा।

