Koderma News:– जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। नवलशाही थाना क्षेत्र के फुलवरिया निवासी व्यवसायी संतोष मेहता पर गुरुवार शाम अज्ञात अपराधियों ने हमला कर गोली चला दी। गोली उनकी गर्दन में लग गई। गंभीर हालत में उन्हें पहले सदर अस्पताल लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने रांची रेफर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, संतोष मेहता शाम को गांव के समीप एक चबूतरे पर अपने दोस्त के साथ बैठकर फल खा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात अपराधियों ने अचानक उन पर गोली चला दी। गोली उनकी गर्दन के पास लगी, जिसके बाद वह वहीं गिर पड़े। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल संतोष मेहता को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं परिजनों ने थाने में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है।
हालांकि, अपराधियों के फरार हो जाने से पुलिस की कार्यशैली और जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ गया है कि वे दिनदहाड़े हमला कर फरार हो जाते हैं और पुलिस खाली हाथ रह जाती है।

