Jamshedpur News:-जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। दो दिन से लापता महिला का शव गांव के पास जंगल से बरामद हुआ। मृतका की पहचान किताहातु टोला लातार गांव निवासी सुखमति लोहार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि अपराधियों ने धारदार हथियार से उनका गला रेतकर निर्मम हत्या की है।
जानकारी के मुताबिक, सुखमति लोहार मंगलवार को किसी काम से घर से निकली थीं। लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने खोजबीन शुरू की, पर कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के समीप जंगल में खून से लथपथ शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पाकर टोंटो थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि हत्या धारदार हथियार से की गई है और घटना की जांच गंभीरता से की जा रही है।
डीएसपी बी. टूटी ने बताया कि फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं है। लेकिन आशंका जताई जा रही है कि मामला जमीन विवाद या डायन-बिसाहा (जादू-टोना) से जुड़ा हो सकता है। पुलिस ने संभावित संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है और कई जगह छापेमारी की जा रही है।
इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि महिला का स्वभाव मिलनसार था और किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी। इसके बावजूद इतनी निर्मम हत्या ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।

