Jamshedpur News:– जिले के सोनारी क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब मॉर्निंग वॉक पर निकले एक फुटबॉल खिलाड़ी को नकाबपोश अपराधियों ने निशाना बना लिया। बाइक पर सवार दो अज्ञात युवकों ने पिस्टल की नोक पर खिलाड़ी को डराया और उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए।
पीड़ित खिलाड़ी रामदेव सिंह ने पुलिस को बताया कि वह रोजाना की तरह सुबह करीब 6 बजे सोनारी लिंक रोड पर टहलने के लिए निकले थे। तभी अचानक दो नकाबपोश युवक बाइक से पहुंचे और पिस्टल दिखाकर उन्हें धमकाया। इसके बाद दोनों अपराधियों ने उनके गले से सोने की चेन उतरवा ली और पलभर में फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शी एस.एल. दास ने बताया कि पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि लोग समझ ही नहीं पाए कि आखिर हुआ क्या। अपराधियों ने बेहद शातिराना अंदाज में चेन लूटकर भागने में सफलता हासिल की।
घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी ने दावा किया है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना ने एक बार फिर शहर में सुबह के समय सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़क पर निकलते हैं, लेकिन अपराधी लगातार इस मौके का फायदा उठाकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सोनारी लिंक रोड और आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ाई जाएगी, ताकि मॉर्निंग वॉकर्स खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।

