Jamshedpur News:- पूर्वी सिंहभूम जिले में दुर्गा पूजा उत्सव के बीच नवमी की रात अफरा-तफरी मच गई। सोनारी थाना क्षेत्र के खूंटाडीह स्थित कलिंगा दुर्गा पूजा पंडाल में देर रात नशे में धुत युवकों ने जमकर उत्पात मचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी युवक पहले पंडाल परिसर में घुस गए और वहां मौजूद लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करने लगे। जब लोगों ने विरोध किया तो उपद्रवियों ने बाहर खड़ी गाड़ियों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस दौरान कई वाहनों के शीशे टूट गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस घटना में खूंटाडीह के रहने वाले सूरज गोराई और सुमित उर्फ कल्लू सहित उनके कई साथी शामिल थे। आरोप है कि ये सभी युवक अक्सर नशे की हालत में असामाजिक गतिविधियों को अंजाम देते रहते हैं और पूर्व में भी कई मामलों में जेल जा चुके हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि घटना में शामिल सभी उपद्रवियों की पहचान की जा सके।
वहीं, डीएसपी मनोज ठाकुर ने कहा कि घटना में शामिल आरोपितों की पहचान कर ली गई है और सभी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों की सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस ने फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि दुर्गा पूजा के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने मांग की है कि पुलिस उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में कोई भी दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक आयोजनों की पवित्रता भंग करने की कोशिश न कर सके।

