Ranchi News:- राजधानी रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित एक रिसॉर्ट में देर रात हुई फायरिंग से हड़कंप मच गया। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया है। साथ ही, पुलिस ने मौके से तीन हथियार जब्त किए हैं, जिनसे फायरिंग की गई थी।
पुलिस के मुताबिक, यह पूरा मामला हर्ष फायरिंग से जुड़ा हुआ है। रिसॉर्ट में जिला परिषद सदस्य के पति बजरंग महतो ने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग की थी। बताया गया कि फायरिंग लाइसेंसी हथियारों से की गई थी। अचानक हुई फायरिंग से आस-पास के लोगों में दहशत फैल गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत नगड़ी पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही नगड़ी थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और चारों लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने फायरिंग में इस्तेमाल किए गए तीनों हथियार जब्त कर लिए हैं। साथ ही, घटनास्थल से तीन खोखे भी बरामद किए गए हैं।
ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि रिसॉर्ट को पार्टी के लिए बुक किया गया था और इसी दौरान देर रात यह फायरिंग हुई। पुलिस के मुताबिक, यह घटना गंभीर है क्योंकि इससे कानून-व्यवस्था पर असर पड़ता है और आम लोगों में दहशत फैलती है।
हालांकि, स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि फायरिंग केवल तीन राउंड तक सीमित नहीं थी, बल्कि करीब एक दर्जन राउंड गोली चली थी। उन्होंने बताया कि पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही कुछ लोगों ने कारतूस के खोखे मौके से समेट लिए, जिससे बरामदगी सीमित हो गई।
फिलहाल पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हर्ष फायरिंग में लाइसेंसी हथियारों का इस्तेमाल किन परिस्थितियों में किया गया। इस मामले में आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

