Jamshedpur News:- गोलमुरी थाना क्षेत्र के गाढ़ाबासा में तंत्र विद्या के नाम पर युवक की हुई हत्या को लेकर स्थानीय लोगों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया है। मृतक अजय बासा उर्फ झंटू (20 वर्ष) के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण बुधवार को गोलमुरी थाना पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि प्रशासन ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने मांग की कि दोषियों को फांसी की सजा दी जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
गौरतलब है कि सोमवार देर रात तंत्र विद्या के बहाने अजय बासा की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मामले में तांत्रिक संदीप और उसके सहयोगी भरत को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया था। वहीं, संदीप की मां, बहन और जीजा को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में गुस्सा और भय का माहौल है।
बुधवार को थाने पहुंचे मृतक के परिजनों ने कहा कि अंधविश्वास के नाम पर की गई यह हत्या पूरे समाज के लिए कलंक है। अजय की मां ने भावुक होकर कहा कि उनका बेटा ही घर का सहारा था, उसकी हत्या ने पूरे परिवार को तोड़ दिया है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों को फांसी देने और तत्काल न्याय दिलाने की गुहार लगाई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तंत्र-मंत्र के नाम पर अपराध लगातार हो रहे हैं और प्रशासन को इस पर सख्त कदम उठाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही न्याय नहीं मिला तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन करेंगे।
यह घटना एक बार फिर इस सवाल को खड़ा करती है कि अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ समाज और शासन कब ठोस कदम उठाएगा।

