Koderma News:- कोडरमा में जिला बल के एक जवान द्वारा आत्महत्या किए जाने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि मृतक जवान मंसूर आलम, जो कोडरमा जिला बल में चालक के पद पर कार्यरत था, ने जहरीला पदार्थ सल्फास खाकर जान दे दी। आत्महत्या से पहले उसने एक वीडियो बनाकर जयनगर और डोमचांच थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो में उसने साफ कहा है कि मानसिक प्रताड़ना और जबरन काम कराने के कारण ही उसने यह कदम उठाया।
जानकारी के अनुसार, घटना की जानकारी सबसे पहले जवान ने अपने साथी को दी। साथी जब बैरक पहुंचा तो मंसूर आलम अचेत अवस्था में पड़ा था। तुरंत उसे कोडरमा सदर अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे रांची रिम्स रेफर कर दिया गया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। रिम्स प्रशासन ने शव का पोस्टमार्टम पूरा कर लिया है और अब शव को परिजनों को सौंपने की तैयारी की जा रही है।
परिजनों और साथियों के अनुसार, जवान मंसूर आलम को कुछ दिन पहले दरोगा ने निलंबित कर दिया था। suspension के बाद से ही वह लगातार परेशान चल रहा था। वीडियो में उसने यह भी बताया कि डोमचांच थाना प्रभारी ओम प्रकाश यादव उससे बार-बार जबरन कई निजी और विभागीय काम करवाते थे, और विरोध करने पर उस पर कार्रवाई की जाती थी।
इस घटना के सामने आने के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप है। विभागीय स्तर पर फिलहाल मामले की जांच की बात कही जा रही है, लेकिन जवान के वीडियो में लगाए गए आरोप गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। मंसूर आलम की मौत ने एक बार फिर पुलिस बल में जवानों पर बढ़ते दबाव और मानसिक तनाव की तस्वीर उजागर कर दी है।

