Jamshedpur News:- पूर्वी सिंहभूम जिले में बर्मामाइंस थाना प्रभारी दिलीप यादव ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। उन्होंने करीब 15 लाख रुपये मूल्य के गहनों और हीरों से भरा बैग उसके असली मालिक को लौटाकर पुलिस विभाग की साख और भरोसे को और मजबूत किया है।
जानकारी के अनुसार, बिरसानगर के रहने वाले गुरुचरण गोराई 26 सितंबर को टेंपो से घर लौट रहे थे। इसी दौरान ट्यूब कंपनी गेट के पास उनका बैग गलती से गिर गया। बैग में कीमती जेवरात और इलेक्ट्रॉनिक सामान था। घटना के बाद परेशान गुरुचरण गोराई ने बर्मामाइंस थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी दिलीप यादव ने पूरी तत्परता और गंभीरता से जांच शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने बैग को बरामद कर लिया। जब बैग खोला गया तो उसमें एचपी कंपनी का लैपटॉप, निकोन कंपनी का कैमरा, सोने का हार, हीरे की दो अंगूठियां, सोने की पांच अंगूठियां, झुमके, कान के बटन, हीरे के रिंग और सोने का लॉकेट समेत अन्य कीमती गहने बरामद हुए।
सभी सामान सही-सलामत पाकर गुरुचरण गोराई और उनका परिवार फूले नहीं समा रहा। उन्होंने थाना प्रभारी दिलीप यादव और पूरी पुलिस टीम का आभार जताते हुए कहा कि आज भी समाज में ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं।
इस नेक कार्य के बाद दिलीप यादव की ईमानदारी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। लोग उनकी जमकर सराहना कर रहे हैं। आम लोगों का कहना है कि ऐसे अधिकारी समाज और पुलिस दोनों की छवि को बेहतर बनाते हैं।

