Dumka News:- जिले के दुमका-साहिबगंज मार्ग पर रविवार की सुबह मसलिया थाना क्षेत्र के गोटीडीह मोड़ के पास हुए सड़क हादसे में 55 वर्षीय नरेश मरांडी की मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र शिवनारायण मरांडी (32) गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल पुत्र का इलाज नर्सिंग होम में चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह दोनों पिता-पुत्र अपने घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे खड़े होकर खेत से जुड़े काम को लेकर आपस में चर्चा कर रहे थे। तभी जामताड़ा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही सीमेंट लदी एक ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे उन्हें रौंदते हुए निकल गया। हादसा इतना भयावह था कि नरेश मरांडी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने घटनास्थल पर ही सड़क जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। ग्रामीणों ने कहा कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन ट्रैफिक नियंत्रण और सड़क सुरक्षा की ओर प्रशासन का ध्यान नहीं है।
सूचना मिलते ही मसलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि दोषी चालक की पहचान कर जल्द उसे गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा दिलाने की भी बात कही गई।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक प्रशासन सड़क पर भारी वाहनों की तेज गति पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाता, तब तक इस तरह की दुर्घटनाएं होती रहेंगी।

