Jamshedpur News:– जिले के चाईबासा-जगन्नाथपुर मुख्य सड़क पर रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसा सिंहपोखरिया रेलवे स्टेशन के पास हुआ, जब सुबह टहलने निकला बच्चा एक तेज रफ्तार मालवाहक वाहन की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने घटनास्थल पर ही सड़क जाम कर नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सड़क सुरक्षा और यातायात नियंत्रण के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और दोषी चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
जाम की सूचना मिलने पर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार और मुफस्सिल थाना प्रभारी चंद्रशेखर मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे कि जब तक क्षेत्रीय मंत्री दीपक बिरुवा मौके पर नहीं पहुंचेंगे, तब तक सड़क जाम जारी रहेगा।
इस दौरान ग्रामीणों ने “टाटा-रुंगटा की दलाली बंद करो” और “मंत्री दीपक बिरुवा शर्म करो” जैसे नारे भी लगाए। आक्रोशित भीड़ के कारण चाईबासा-जगन्नाथपुर मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और कई वाहन सड़क पर फंसे रहे।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने हालात पर नियंत्रण पाने के लिए लगातार ग्रामीणों से वार्ता जारी रखी थी। समाचार लिखे जाने तक जाम बरकरार था और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क पर रफ्तार पर लगाम लगाने और सुरक्षा उपायों की पुख्ता व्यवस्था नहीं की गई, तो इस तरह की घटनाएं बार-बार होती रहेंगी। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

