Koderma News:- जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत अड्डी बंग्ला रोड में शुक्रवार की रात एक सनसनीखेज चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने स्पेशल ब्रांच के कंप्यूटर ऑपरेटर के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
गृहस्वामी की पत्नी संजू कुमारी ने बताया कि रात में उनके बच्चे लूडो खेलने की जिद कर रहे थे। इस पर वे पति और बच्चों के साथ एक कमरे में खेलते-खेलते सो गए। सुबह उठने पर जब वह अपने कमरे के पास पहुँचीं तो देखा कि दरवाजे के नीचे से कपड़े बाहर निकले हुए हैं। पहले उन्हें कुछ समझ नहीं आया, लेकिन जब दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो पता चला कि दरवाजा अंदर से बंद है।
इसके बाद उन्होंने अपने पति को बुलाया। पति ने घर के पिछले हिस्से से जाकर देखा तो खिड़की का ग्रिल कटा हुआ था और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। खिड़की के रास्ते कमरे में प्रवेश कर दरवाजा खोला गया। कमरे की अलमारी (गोदरेज) चेक करने पर पाया गया कि उसमें रखे सारे सोने-चांदी के जेवर और 50 हजार रुपये नकद गायब हैं। अनुमान है कि लगभग 20 लाख रुपये की संपत्ति चोर ले गए।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना पर तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों तक पहुँचा जा सके।
इस वारदात से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस ठोस कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रही है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी गए गहनों व नकदी की बरामदगी की मांग की है।

