Dhanbad News:- धनबाद में शुक्रवार की दोपहर आई तेज आंधी और बारिश ने दुर्गोत्सव की तैयारियों में खलल डाल दिया। बारिश की वजह से कई पूजा पंडालों को भारी नुकसान हुआ है। कई जगहों पर विशाल पंडाल धराशायी हो गए, जिससे आयोजकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
जानकारी के अनुसार भूली बी ब्लॉक में बनाए जा रहे 110 फीट ऊंचे तिरुपति बालाजी मंदिर की आकृति वाले भव्य पंडाल आंधी और बारिश की वजह से पूरी तरह से जमीन पर गिर गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस तरह से पंडाल तैयार किया जा रहा था, वह धनबाद के आकर्षण का केंद्र बनने वाला था, लेकिन अचानक मौसम ने सारा परिश्रम मिट्टी में मिला दिया।
इसी तरह मटकुरिया रोड पर बने विशाल पंडाल का लाइट गेट बारिश और तेज हवा के कारण उखड़कर सड़क पर गिर गया। इसके चलते धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग पर कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही। वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, सरायढेला में भी बारिश के चलते एक पूजा पंडाल का तोरण द्वार गिर गया।
घटना की जानकारी मिलते ही भूली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अभिनव कुमार ने धराशायी हुए पंडाल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि “मां दुर्गा की बहुत बड़ी कृपा रही कि यह पंडाल पूजा शुरू होने से पहले ही गिर गया। यदि पूजा के दौरान भीड़ के बीच पंडाल गिरता, तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।”
आंधी-पानी की इस मार से आयोजक मंडलों में निराशा का माहौल है। कई समितियों ने कहा है कि अब वे पूरी ताकत से पंडालों को फिर से खड़ा करेंगे, ताकि श्रद्धालु नवरात्रि में मां दुर्गा के दर्शन कर सकें। हालांकि समय कम होने की वजह से उन्हें कड़ी मशक्कत करनी पड़ेगी।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी झारखंड के कई हिस्सों में हल्की बारिश और आंधी की संभावना जताई है। ऐसे में पंडाल समितियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती समय पर निर्माण कार्य को सुरक्षित तरीके से पूरा करना होगा।

