Jamshedpur News:- सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र के नामशोल गांव में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में काम कर रहे दो किसानों की आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार नामशोल गांव निवासी चक्रधर कुंभकार (50) और प्रभास सिंह (48) शुक्रवार को अपने खेत में गोभी की खेती कर रहे थे। दोपहर करीब एक बजे अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के दौरान ही खेत के पास जोरदार आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में दोनों किसान आ गए। बिजली गिरते ही वे खेत में ही बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना के बाद आस-पास मौजूद ग्रामीण दौड़ पड़े और दोनों को उठाकर इलाज के लिए बोड़ाम के चिरुडीह नर्सिंग होम ले जाया गया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों किसानों को मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस दुर्घटना से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों किसान मेहनतकश और सीधे-साधे स्वभाव के थे। उनकी असामयिक मौत से गांव में गहरा शोक व्याप्त है।
सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक छानबीन के बाद दोनों शवों को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए जमशेदपुर भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से झारखंड के कई हिस्सों में लगातार मौसम खराब बना हुआ है। मौसम विभाग ने पहले ही आकाशीय बिजली गिरने को लेकर लोगों को सचेत किया था। बावजूद इसके ग्रामीण क्षेत्रों में किसान खेतों में काम करने को मजबूर हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतकों के परिवारों को शीघ्र सरकारी सहायता प्रदान की जाए, ताकि परिजनों को इस कठिन घड़ी में सहारा मिल सके।

