Jamshedpur News:- जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-18 पर झरिया मोड़ के पास गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि स्विफ्ट कार ट्रक के पिछले हिस्से में घुसकर पूरी तरह उसके नीचे फंस गई।
जानकारी के अनुसार, कोलकाता से जमशेदपुर की ओर जा रही स्विफ्ट कार (संख्या WB-51C-7151) तेज रफ्तार में सामने चल रहे 14 चक्का ट्रक से टकरा गई। जोरदार टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में कार चालक गणेश रॉय (50), जो कोलकाता के चक्रबाड़िया रोड निवासी थे, जमशेदपुर कदमा प्रथिक बिहार की रहने वाली कुसुमिता पटनायक (55) और उनकी बेटी मोनिका पटनायक (28) बुरी तरह जख्मी हो गए। सूचना मिलते ही बहरागोड़ा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
इसके बाद सभी को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की बड़ी वजह रही है। एनएच-18 पर आए दिन होने वाले हादसों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

