Dhanbad News:- गोविंदपुर थाना क्षेत्र के बरवा पूर्व स्थित पीएम श्रीमहेंद्र +2 उच्च विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश शर्मा पर गुरुवार को विद्यालय की छात्राओं ने अश्लील टिप्पणी करने का आरोप लगाया। आरोप लगने के बाद छात्राओं ने विद्यालय के मुख्य गेट पर हंगामा कर प्रधानाचार्य को निलंबित करने की मांग की।
छात्राओं ने बताया कि परीक्षा के दौरान बेंच और अन्य बैठने की सुविधा न मिलने के कारण उन्होंने प्रधानाचार्य से टेबल और बेंच की मांग की। लेकिन, उनका आरोप है कि प्रधानाचार्य ने अश्लील टिप्पणी करते हुए कहा कि वे उन्हें अपनी गोदी में बैठा सकते हैं। इस बात से छात्राएं नाराज हो गईं और उन्होंने अपने अधिकारों के लिए विरोध जताया।
विद्यालय के मुख्य द्वार पर हंगामा बढ़ने पर छात्राओं के परिजन मौके पर पहुंच गए और छात्राओं के साथ मिलकर प्रधानाचार्य के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारी छात्राओं और परिजनों ने जिला प्रशासन एवं जिला शिक्षा विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
मौके पर सूचना पाकर गोविंदपुर थाना की टीम पहुंची और छात्राओं व उनके परिजनों को शांत कराया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी अभी नहीं है, लेकिन जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विद्यालय प्रशासन और जिला शिक्षा विभाग ने भी मामले पर ध्यान देने की बात कही है। प्रशासन ने कहा कि जांच पूरी होने तक प्रधानाचार्य के खिलाफ उचित कदम उठाए जाएंगे और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

