Ramgarh News:– रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत हेसापोड़ा गांव में गुरुवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब हथिनी और उसका बच्चा गहरे कुएं में गिरकर फंस गए। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब छह घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों हाथियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
डीएफओ नीतीश कुमार ने बताया कि बीते एक हफ्ते से लगभग 42 हाथियों का झुंड हेसापोड़ा के जंगल में विचरण कर रहा था। दो दिन पहले यह पूरा झुंड बोकारो जिले के जंगलों की ओर चला गया था। विभाग को लगा कि अब हाथी इस इलाके से निकल चुके हैं। लेकिन गुरुवार की सुबह अचानक सूचना मिली कि हेसापोड़ा गांव के पास एक हथिनी और उसका बच्चा कुएं में गिरकर फंस गए हैं।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हुई और स्थानीय पुलिस व ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। कुएं के किनारे मिट्टी भरकर रैंप बनाया गया ताकि हाथी आसानी से बाहर निकल सकें। लगातार हो रही बारिश और फिसलन भरी जमीन के कारण अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन टीम ने हार नहीं मानी। आखिरकार छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हथिनी और उसके बच्चे को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
हाथियों को बाहर निकलते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान गोला रेंज के अधिकारी और कर्मी पूरे समय मौके पर डटे रहे।
डीएफओ नीतीश कुमार ने कहा कि हाथियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। टीम ने जिस साहस और धैर्य के साथ अभियान को अंजाम दिया है, वह काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि हाथियों के विचरण वाले क्षेत्रों में ग्रामीणों को सतर्क रहने की जरूरत है, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

