Jamshedpur News:– जिले के कोवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगाडीह पंचायत के केन्दमुड़ी गांव में उस समय मातम छा गया, जब 60 वर्षीय ट्रैक्टर चालक राजबल्लभ गोप की मौत नागा नदी में डूबने से हो गई। मंगलवार को वे अचानक नदी की तेज धारा में बह गए थे। गुरुवार को उनका शव घटनास्थल से लगभग आधा किलोमीटर दूर झाड़ियों में फंसा हुआ मिला।
मृतक के भाई प्राण बल्लभ गोप ने बताया कि राजबल्लभ रोज की तरह मंगलवार को ट्रैक्टर चलाने का काम निपटाकर घर लौटे। इसके बाद वे जन वितरण प्रणाली की दुकान से राशन लेने गए। राशन का बोरा लेकर वे सीधे नागा नदी किनारे पहुंचे, जहां वे अक्सर मछली पकड़ा करते थे। लेकिन मंगलवार को लगातार हो रही बारिश से नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया था। इसी दौरान वे अचानक तेज धारा की चपेट में आकर बह गए।
जब राजबल्लभ देर रात तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। लेकिन कहीं पता नहीं चलने पर बुधवार को कोवाली थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने तुरंत तलाश अभियान शुरू किया। गुरुवार की सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने नदी किनारे झाड़ियों में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
राजबल्लभ की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि राजबल्लभ स्वभाव से मिलनसार और मेहनती व्यक्ति थे। वे अक्सर खाली समय में मछली पकड़ने नदी किनारे जाते थे।
घटना की जानकारी मिलने पर कोवाली थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों से मुलाकात की और हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा उपाय और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

