Hazaribag News:- पुलिस ने गुप्त सूचना पर की गई विशेष कार्रवाई में लूट की योजना बना रहे तीन हथियारबंद अपराधियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो देशी पिस्टल, तीन मैगजीन, दस जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन, एक अपाचे बाइक और 35 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि 23 सितंबर की रात कटकमदाग थाना क्षेत्र में सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में सशस्त्र बल और थाना पुलिस की टीम ने इलाके में वाहन चेकिंग शुरू की।
इस दौरान महुडर-विष्णुपुरी रोड पर अपाचे बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की तत्परता से तीनों को दबोच लिया गया। आरोपी की पहचान मनीष राणा, दीपक गुप्ता और अमन कुमार के रूप में हुई है। हालांकि एक आरोपी अभिनाश कुमार अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खीरगांव पेट्रोल पंप से लूट की वारदात में शामिल होने की बात भी स्वीकार की। पुलिस अब फरार आरोपी और उसके सहयोगियों की तलाश में जुटी है।
इस कार्रवाई में कटकमदाग थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राय, बड़ा बाजार ओपी प्रभारी पंकज कुमार, लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा समेत पुलिस टीम और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
एसपी अंजनी अंजन ने कहा कि हजारीबाग पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों के लिए एक चेतावनी है। चाहे अपराधी कितने ही चालाक क्यों न हों, कानून के शिकंजे से बच नहीं सकते। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
हजारीबाग पुलिस की इस कार्रवाई से यह साफ हो गया है कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत है और कानून के सामने अपराधियों की कोई जगह नहीं है।

