Jamshedpur News:- पूर्वी सिंहभूम जिले के बड़सोल थाना क्षेत्र में ग्रामीण पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी चोट की है। मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 106 पुड़िया ब्राउन शुगर, 1550 रुपये नकद और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया। जब्त ब्राउन शुगर की अनुमानित बाजार कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बड़सोल निवासी ड्रग पेडलर्स चंदन खटूआ और राकेश कुमार के रूप में हुई है। इनके साथ खरीदार के तौर पर मुसाबनी निवासी राजा रजक और अंशु मिश्रा भी पकड़े गए हैं। पुलिस के मुताबिक, ये चारों बाइक से ब्राउन शुगर की सप्लाई करने निकले थे।
ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि पुलिस को इनपुट मिला था कि दो लोग बाइक से नशे की खेप लेकर निकलने वाले हैं। सूचना के आधार पर बड़सोल थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चारों युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से ब्राउन शुगर की पुड़िया और नकदी बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपितों ने कबूल किया कि वे पश्चिम बंगाल के खगड़पुर से ब्राउन शुगर खरीदकर लाए थे। उनका प्लान ग्रामीण इलाकों में छोटे स्तर पर इसकी बिक्री करने का था। एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से नशे का कारोबार कर रहा था। पुलिस अब जमशेदपुर पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस के साथ मिलकर इस नेटवर्क के सरगनाओं तक पहुंचने का प्रयास करेगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में ब्राउन शुगर और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाना प्राथमिकता है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है।
इस बड़ी सफलता से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है और पुलिस का कहना है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी।

