Jamshedpur News:- पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। जलडहर पेट्रोल पंप के पास सुबह करीब 7:15 बजे एक तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान लावा पंचायत के कियाबोहाल गांव निवासी 30 वर्षीय गंगासागर टुडू के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गंगासागर रोज की तरह मजदूरी करने के लिए जमशेदपुर जा रहे थे। उन्होंने हेलमेट भी पहन रखा था, लेकिन हाइवा की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उनका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने टाटा–पटमदा मुख्य सड़क को जाम कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर बालू लदे हाइवा वाहन अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ते हैं। सड़क पर स्पीड ब्रेकर की व्यवस्था नहीं होने के कारण यहां बार-बार हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही सड़क पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, स्पीड ब्रेकर और ट्रैफिक नियंत्रण व्यवस्था नहीं की गई, तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।
घटना की सूचना मिलते ही पटमदा थाना प्रभारी करमपाल भगत, बीडीओ शशि नीलिमा डुंगडुंग और मुखिया कानूराम बेसरा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर जाम हटाने की कोशिश की। इस बीच पुलिस ने हाइवा चालक को हिरासत में ले लिया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है।
ग्रामीणों ने अधिकारियों से मांग की कि प्रशासन तुरंत कार्रवाई करे ताकि भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

