Dhanbad News:-वासेपुर इलाका मंगलवार को अचानक राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की कार्रवाई से दहशत और सनसनी का केंद्र बन गया। एनआईए की टीम ने प्रज्ञा केंद्र संचालक शाहबाज अंसारी के घर पर छापेमारी की, जिसमें भारी मात्रा में नकदी मिलने की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार एनआईए की टीम उत्तर प्रदेश नंबर यूपी32बीजी6901 वाहन से धनबाद पहुंची। इसके बाद स्थानीय पुलिस बल, विशेषकर बैंक मोड़ थाना की टीम के साथ मिलकर जब्बार मस्जिद के पास स्थित शाहबाज अंसारी के घर पर कार्रवाई शुरू की गई। अचानक हुई इस छापेमारी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
छापेमारी के दौरान घर से इतनी बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होने की संभावना है कि टीम को कैश गिनने के लिए मशीन मंगवानी पड़ी। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि बरामदगी का पैमाना कितना बड़ा हो सकता है। हालांकि, बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि एनआईए की ओर से अभी तक नहीं की गई है।
सूत्रों के मुताबिक शाहबाज अंसारी धनबाद के गोविंदपुर इलाके में प्रज्ञा केंद्र का संचालन करता है। छापेमारी के दौरान इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। आसपास के लोगों में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा का माहौल है और लोग तरह-तरह की अटकलें लगा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि कुछ महीने पहले भी एनआईए ने वासेपुर इलाके में छापेमारी की थी। तब एजेंसी को आतंकी गतिविधियों से जुड़े इनपुट मिले थे। लगातार हो रही कार्रवाइयों से साफ है कि वासेपुर एनआईए की निगरानी में है।
एनआईए की कार्रवाई अभी भी जारी है और एजेंसी की टीम घर के अंदर दस्तावेजों व नकदी की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि छापेमारी पूरी होने के बाद ही बरामदगी और कार्रवाई से जुड़ी आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।
एनआईए की इस कार्रवाई ने एक बार फिर वासेपुर को सुर्खियों में ला दिया है और लोगों की निगाहें अब एजेंसी के आधिकारिक बयान पर टिकी हुई हैं।

