Jamshedpur News:- जिले की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित गुरुद्वारा के पास हुए 30 लाख रुपये के चर्चित लूटकांड का शुक्रवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत चार अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि तीन अन्य की तलाश अभी भी जारी है।
गिरफ्तार अपराधियों के पास से लूट की रकम में से 10 लाख 69 हजार 700 रुपये नकद, एक देसी पिस्टल, इनोवा कार और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामदगी से स्पष्ट है कि अपराधियों ने रकम को आपस में बांट लिया था और बाकी राशि अन्य आरोपियों के पास होने की आशंका है।
मुख्य आरोपित राकेश कुमार मंडल उर्फ मंडल उर्फ पकौड़ी (41) को पंजाब से गिरफ्तार किया गया। उसके साथ ही रानीकुदर निवासी और इस लूट की साजिश रचने वाला कमलेश दुबे, नोवामुंडी का सुधीर नारायण बेहरा (35) और सरायकेला का गणेश कुम्भकार उर्फ फुचा (25) पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। पुलिस की मानें तो लूटकांड का मास्टरमाइंड कमलेश दुबे है, जो एक कूरियर कंपनी में कार्यरत था।
एसएसपी पीयूष पांडेय ने प्रेस वार्ता में बताया कि कमलेश दुबे ने कारोबारी साकेत अग्रवाल को कई बार बैंक से भारी रकम ले जाते देखा था। इसी जानकारी के आधार पर उसने लूट की योजना बनाई। योजना के तहत राकेश उर्फ पकौड़ी को शामिल किया गया, जिसने घटना के दिन कारोबारी से रुपये से भरा बैग छीना और हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गया। घटना के बाद वह पंजाब भाग गया था, जहां से उसे दबोचा गया।
पुलिस ने बताया कि इस लूटकांड में कुल सात अपराधी शामिल थे। अब तक चार अपराधी गिरफ्तार हो चुके हैं और शेष तीन की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
एसएसपी ने साफ कहा कि बचे हुए अपराधियों को भी जल्द गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का भंडाफोड़ किया जाएगा। इस खुलासे को जिले की पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है

