Bijapur News:- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। जिले के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो नक्सली ढेर हो गए। मौके से दो वर्दीधारी नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। उनके पास से एक 303 रायफल, विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग की अन्य वस्तुएं भी मिली हैं।
बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों की टीम का सामना नक्सलियों से हो गया। इसके बाद दोनों ओर से लगभग दो घंटे तक गोलाबारी चली। मुठभेड़ खत्म होने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की सघन तलाशी ली, जिसमें दो नक्सलियों के शव बरामद किए गए।
अधिकारी ने बताया कि नक्सलियों के पास से 303 रायफल और बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की गई है, जिसे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए इकट्ठा किया गया था। बरामद सामान में डेटोनेटर, वायर, जिलेटिन रॉड, बैटरी और अन्य आईईडी बनाने में उपयोग होने वाले उपकरण शामिल हैं। साथ ही नक्सलियों के कैंप से खाने-पीने का सामान और दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी मिली हैं।
सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ स्थल पर और भी नक्सलियों के छिपे होने की आशंका है। इसी कारण पूरे इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर लिया है और तलाशी अभियान जारी है। आईजी सुंदरराज पी. ने कहा कि ऑपरेशन अभी जारी है, ऐसे में मुठभेड़ के सटीक स्थान, ऑपरेशन में शामिल सुरक्षाबलों की संख्या और अन्य संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक करना उचित नहीं होगा। ऑपरेशन के पूर्ण होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय नक्सलियों को बड़ा झटका लगा है। अधिकारियों का मानना है कि बरामद हथियार और विस्फोटक से यह साफ है कि नक्सली किसी बड़े हमले की तैयारी कर रहे थे। लगातार हो रही कार्रवाई से उनके नेटवर्क पर दबाव बढ़ा है।


