Motihari News: जिले के मोतिहारी में व्यवसायी से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि पीड़ित व्यवसायी का ही भतीजा इस पूरे कांड का मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने अब तक दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी भतीजा सौरभ अब भी फरार है।
मामला नगर थाना क्षेत्र के मिस्कौट का है, जहां निवासी व्यवसायी रवि गुप्ता ने 5 सितंबर को पुलिस को आवेदन देकर बताया था कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके भतीजे की दुकान पर बियर की बोतल और धमकी भरा पत्र से भरा झोला फेंका। पत्र में 7 दिन के भीतर 5 करोड़ रुपये देने की मांग की गई थी, अन्यथा जान से मारने की धमकी दी गई थी। अगले ही दिन रवि गुप्ता को एक नेपाली नंबर से फोन आया और फिर से वही धमकी दोहराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात ने सदर एसडीपीओ दिलीप सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। जांच में जुटी टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मधुबन थाना क्षेत्र के रहने वाले गोलू नामक युवक को गिरफ्तार किया। गोलू ने पूछताछ में कबूल किया कि उसे किसी ने 1000 रुपये देकर झोला फेंकने को कहा था।
पुलिस ने आगे की कार्रवाई में नेपाली नंबर से कॉल करने वाले युवक आनंद को भी गिरफ्तार किया। वह जमला निवासी है और पहले रवि गुप्ता के भतीजे सौरभ की दुकान में काम कर चुका है। पूछताछ में आनंद ने बड़ा खुलासा किया कि पूरी साजिश सौरभ ने ही रची थी। उसने ही नेपाल बॉर्डर से नेपाली सिम और मोबाइल मंगवाकर अपने साथियों बिपिन और आनंद को दिया था। इसी फोन से व्यवसायी को धमकी भरे कॉल किए गए थे।
एसडीपीओ दिलीप सिंह ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया गया है और मुख्य आरोपी सौरभ की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का मानना है कि जल्द ही इस कांड का मास्टरमाइंड भी हिरासत में होगा।

