Dehradun News:- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार को उत्तराखंड के दौरे पर रहेंगे। वे शाम 4:15 बजे देहरादून स्थित जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उनका स्वागत करेंगे। प्रधानमंत्री का यह दौरा खास तौर पर राज्य के बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने के लिए है। कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री मोदी मुख्यमंत्री धामी के साथ चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जैसे आपदा प्रभावित जिलों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर ही अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में केंद्र और राज्य के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री आपदा प्रभावित लोगों से भी मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याएं जानेंगे।
उत्तराखंड इस बार के मानसून में भारी तबाही का सामना कर रहा है। अतिवृष्टि और भूस्खलन के कारण सैकड़ों गांव प्रभावित हुए हैं, जबकि सड़कों, पुलों और अन्य बुनियादी ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचा है। राज्य आपदा प्राधिकरण ने केंद्र सरकार से 5702 करोड़ रुपये की राहत राशि का प्रस्ताव भेजा है। प्रधानमंत्री के इस दौरे से राज्य को अतिरिक्त राहत और पुनर्वास पैकेज मिलने की उम्मीद की जा रही है।
प्रधानमंत्री की यात्रा को देखते हुए देहरादून और जौलीग्रांट एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुबह से ही सुरक्षा बलों को विभिन्न स्थानों पर तैनात कर दिया गया है।
स्थानीय लोगों और आपदा पीड़ितों की नजरें अब प्रधानमंत्री की घोषणाओं पर टिकी हुई हैं। उम्मीद की जा रही है कि इस दौरे से उत्तराखंड को न केवल राहत राशि बल्कि आपदा प्रबंधन और पुनर्निर्माण के लिए ठोस योजनाएं भी मिलेंगी।

