Dhanbad News:- कोयलांचल धनबाद के लोदना क्षेत्र में बुधवार की शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। बीसीसीएल का जर्जर और खाली पड़ा आवास अचानक भरभराकर ढह गया। इस हादसे में खेल रहे छह मासूम बच्चे मलबे के नीचे दब गए। मौके पर बचाव कार्य चलाया गया, लेकिन तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हैं। घायलों को तुरंत शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 6 बजे बारिश शुरू हुई तो सभी बच्चे बारिश से बचने के लिए पास ही स्थित बीसीसीएल के परित्यक्त मकान में चले गए। तभी अचानक मकान की छत गिर पड़ी और सभी बच्चे दब गए। आस-पास के लोग दौड़े और जेसीबी मशीन की मदद से बच्चों को बाहर निकाला गया। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचते ही तीन बच्चों को मृत घोषित कर दिया। मृत बच्चों की उम्र 8 से 10 साल बताई जा रही है।
ग्रामीणों में आक्रोश
हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उनका कहना है कि बीसीसीएल ने समय रहते इन जर्जर आवासों को गिराया नहीं, जिसकी वजह से यह दर्दनाक घटना हुई। लोगों का आरोप है कि प्रबंधन की लापरवाही के कारण तीन मासूमों की जिंदगी चली गई।
विधायक और पुलिस मौके पर
घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस के साथ झरिया विधायक रागिनी सिंह भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात की और आश्वासन दिया कि उन्हें उचित मुआवजा मिलेगा। साथ ही बीसीसीएल और जिला प्रशासन को चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए ठोस कार्रवाई की जाए।
इस हादसे ने पूरे इलाके को हिला दिया है। लोग दहशत और गम के माहौल में हैं, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

