Jamshedpur News:- जिले की जुगसलाई थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों युवक किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
डीएसपी (विधि व्यवस्था) ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर जानकारी दी कि वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि खरकई नदी के रेलवे ब्रिज के पास दो युवक हथियार लेकर मौजूद हैं। सूचना पर तत्काल जुगसलाई थाना प्रभारी बैजनाथ कुमार के नेतृत्व में एक छापामारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों युवकों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास से दो देशी पिस्टल (7.65 मिमी), तीन जिंदा कारतूस और एक एप्पल मोबाइल बरामद किया गया। गिरफ्तार युवकों की पहचान बागबेड़ा हरहरगुट्टू निवासी अभिषेक सिंह और जुगसलाई शिवघाट रोड निवासी गणेश रजक उर्फ चुजा के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में दोनों ने आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। विशेषकर अभिषेक सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है। उस पर जुगसलाई थाना में आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस को संदेह है कि दोनों किसी संगठित गिरोह से जुड़े हैं और जल्द ही किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
दोनों आरोपितों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इनके जरिए अन्य आपराधिक गिरोहों की तलाश और नेटवर्क को खंगाल रही है।
इस छापेमारी अभियान में थाना प्रभारी बैजनाथ कुमार के साथ पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार साव, कृष्णा कुमार यादव, गोपाल कुमार, हवलदार बासुदेव महतो और आरक्षी गोधन राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में दहशत फैलाने की फिराक में जुटे अपराधियों को बड़ा झटका लगा है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना की है।

